एनआईसी उत्तर प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन
राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केन्द्र (एनआईसी), उत्तर प्रदेश द्वारा 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर लखनऊ स्थित राज्य केन्द्र तथा प्रदेश के विभिन्न जिला केन्द्रों में एक साथ योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। राज्य एवं जिला केन्द्रों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने योग सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने दैनिक जीवन में योग एवं ध्यान को शामिल करने के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
श्री आशेष कुमार अग्रवाल, उप महानिदेशक एवं राज्य सूचना-विज्ञान अधिकारी, एनआईसी उत्तर प्रदेश ने एनआईसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की तथा शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं समग्र कल्याण के लिए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।